बांदकपुर के पास चलती ट्रेन से कूदा परिवार, पति-पत्नी और मासूम बेटी गंभीर घायल; दूसरी बच्ची ट्रेन में छूटी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुना में कथित मारपीट और जान का खतरा महसूस होने पर उठाया खौफनाक कदम, कटनी स्टेशन पर सुरक्षित मिली ट्रेन में छूटी बच्ची

दमोह

दमोह-कटनी रेलमार्ग पर बांदकपुर स्टेशन के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गुना में कथित मारपीट और जान से मारने के डर से एक दंपती अपनी दो बेटियों के साथ दयोदय एक्सप्रेस से चलती ट्रेन से कूद गया। हादसे में पति-पत्नी और उनकी एक मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी दो वर्षीय बच्ची ट्रेन में ही छूट गई। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया और ट्रेन में छूटी बच्ची को कटनी स्टेशन पर सुरक्षित उतरवा लिया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6 बजे दयोदय एक्सप्रेस जब बांदकपुर स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी आरोन, जिला गुना निवासी भगीरथ आदिवासी (29), उनकी पत्नी सविता (22) और दोनों बेटियों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल दमोह में भर्ती कराया गया। वहीं, ट्रेन में अकेली छूट गई बच्ची को सुरक्षित उतारने के लिए कटनी आरपीएफ को सूचना दी गई। सुबह करीब 8:30 बजे कटनी स्टेशन पर बच्ची को सुरक्षित उतार लिया गया।

गुना स्टेशन पर कथित मारपीट से सहमा था परिवार

अस्पताल में भर्ती सविता ने बताया कि वह अपने पति और दोनों बेटियों के साथ अशोकनगर स्थित मायके से गुना पहुंचे थे। वहां से उन्हें आरोन जाना था। इसी दौरान स्टेशन पर कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए परिवार सामने खड़ी ट्रेन में सवार हो गया।

सविता के मुताबिक, सफर के दौरान उन्हें वही लोग ट्रेन में दिखाई दिए। उन्हें आशंका हुई कि आरोपी उन्हें जान से मार सकते हैं। इसी डर और घबराहट में परिवार ने बांदकपुर के पास चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस दौरान एक बेटी उनके साथ कूद गई, जबकि दूसरी बच्ची ट्रेन में ही रह गई।

आरपीएफ ने सुरक्षित बच्ची को परिजनों तक पहुंचाने की शुरू की प्रक्रिया

कटनी आरपीएफ की प्रधान आरक्षक पूनम भंडारी और कृष्ण स्नेही पांडे बच्ची को लेकर दमोह पहुंचे। फिलहाल बाल कल्याण समिति के माध्यम से बच्ची को उसके नाना-नानी के सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है।

घायलों ने कथित मारपीट करने वाले लोगों को पहचानने से इनकार किया है। फिलहाल इस पूरी घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर गुना स्टेशन पर परिवार के साथ क्या हुआ और किस डर के चलते उन्हें चलती ट्रेन से छलांग लगाने जैसा कदम उठाना पड़ा, यह जांच का विषय है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

traffic tail