हल्द्वानी में विश्वकर्मा पूजा के साथ शुरू हुआ ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान, महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हल्द्वानी-काठगोदाम | 17 सितंबर 2026हल्द्वानी नगर निगम कार्यालय में गुरुवार को भगवान श्री विश्वकर्मा महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान नगर निगम परिवार और शहरवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई।

पूजा-अर्चना के बाद नगर निगम परिसर में स्वच्छता अभियान की शुरुआत हुई। ‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ के संकल्प के साथ चलने वाला यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान शहर में स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा महाराज सृजन, निर्माण और कर्म के देवता के रूप में पूजित हैं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और प्रगति की कामना की।

महापौर ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर हल्द्वानी बनाने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि लोग अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखें और दूसरे लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। महापौर के मुताबिक सामूहिक प्रयासों से हल्द्वानी को और स्वच्छ एवं बेहतर शहर बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया, गणेश भट्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, चतर सिंह, पार्षद सचिन तिवारी, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, मदन फर्त्याल, राहत मसीह और सुनील चौधरी सहित भाजपा कार्यकर्ता, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

traffic tail