कार्डियक अरेस्ट से डॉक्टर की मौत, जिला अस्पताल में पिछले 5 वर्षों से दे रहे थे सेवाएं
डॉक्टर और नर्सों ने नम आंखों से दी विदाई
दमोह
जिला अस्पताल में पदस्थ 39 वर्षीय डॉक्टर मधुर जैन का शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। जैसे ही यह दुखद सूचना अस्पताल के अन्य डॉक्टरों व स्टाफ को मिली, सभी की आंखें नम हो गईं।

डॉक्टर मधुर जैन जिला अस्पताल में पिछले 5 वर्षों से सेवाएं दे रहे थे। वह काफी मिलनसार व्यक्ति थे। अस्पताल स्टाफ के साथ ही शहर के लोग भी उन्हें काफी पसंद करते थे।
सुबह हुआ सीने में दर्द
उनके चचेरे भाई डॉ. अभय जैन ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे उन्हें सीने में दर्द हुआ और गले में जलन हुई। उन्होंने सोचा कि एसिडिटी की समस्या होगी। इसके बाद पत्नी ने सीने में मालिश की और गैस की गोली दी। कुछ देर बाद उल्टी होने पर उन्हें राहत मिली और वह सो गए।
सुबह 7 बजे जब उनकी पत्नी जागी तो डॉक्टर मधुर अचेत अवस्था में थे और उनकी पल्स नहीं चल रही थी। उन्होंने तत्काल अन्य डॉक्टर को फोन लगाया और डॉक्टर मधुर को जिला अस्पताल लाया गया।
बचाने की भरपूर कोशिश, पर नहीं बचा सके
जिला अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर चक्रेश चौधरी, डॉक्टर दिवाकर पटेल व अन्य डॉक्टरों ने उनका इलाज किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से ही उनका निधन हुआ है।
डॉक्टर दिवाकर पटेल ने बताया कि सुबह 7 बजे डॉक्टर की पत्नी का फोन उनके पास आया तो वह उनके घर पहुंचे और डॉक्टर को लेकर जिला अस्पताल आए, लेकिन हम उन्हें नहीं बचा सके।
पूरे अस्पताल में शोक की लहर
डॉक्टर दिवाकर पटेल ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है, क्योंकि वह एक युवा डॉक्टर थे और पूरे जिले के लोगों की सेवा कर रहे थे। जिला अस्पताल में जो भी डॉक्टर पदस्थ होता है, वह पूरे जिले के लिए सेवाएं देता है। इसलिए उनका संबंध जिले के सभी लोगों से होता है।
उन्होंने कहा कि कार्डियक अरेस्ट से ही मौत की संभावना है। हमें और पूरे जिला अस्पताल को काफी आघात लगा है। डॉक्टर मधुर का व्यक्तित्व ऐसा था कि वह काफी मिलनसार थे और हंसते हुए ही सभी से हर समय बात करते रहते थे।
परिजन उनके पार्थिव शरीर को लेकर पैतृक गांव बक्सवाहा के लिए रवाना हो गए हैं, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।









