खेल महाकुंभ-2026 में मोहिन्दर सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते पदक

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सितारगंज। खेल महाकुंभ-2026 में मोहिन्दर सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल, सितारगंज के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ-साथ सितारगंज क्षेत्र और विधानसभा का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल प्रतिभा का परिचय देते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।

खेल महाकुंभ के अंतर्गत लोकसभा स्तर पर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने नैनीताल–ऊधम सिंह नगर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय की अंडर-14 बालक वॉलीबॉल टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ-2026 के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।

वहीं मुर्गा झपट प्रतियोगिता में विद्यालय की खिलाड़ी ममता ने बालिका वर्ग तथा मोहम्मद जैश अली ने बालक वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

इसी क्रम में विद्यालय की अंडर-14 बालिका रस्साकस्सी टीम ने सांसद स्तर की प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। टीम की खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले के दौरान शानदार खेल भावना और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी विद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। तानिया राना और सोनिया रावत ने सितारगंज विधानसभा की ओर से प्रतिभाग करते हुए सांसद स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ सितारगंज क्षेत्र और विधानसभा का भी गौरव बढ़ा है।

वहीं विद्यालय के होनहार धावक वंश सिकदार ने अंडर-14 वर्ग की 60 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी अपना चयन सुनिश्चित किया। वंश की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की।

विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती राजिंदर कौर ने सभी विजेता एवं चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, लगन और खेल भावना विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इसी तरह आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरमीत सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें प्रशिक्षण देने और प्रतियोगिताओं में मार्गदर्शन करने वाले खेल प्रशिक्षकों हरिओम सर एवं बोहरा सर को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं प्रतियोगिता से जुड़े सहयोगियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के खिलाड़ी इसी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

traffic tail