दमोह में धीरेंद्र शास्त्री की रथयात्रा का शक्ति प्रदर्शन, एकता के संकल्पों के बीच भीड़ संभालने में छूटा पसीना

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सात संकल्पों के जरिए जातिगत भेदभाव मिटाने और हिंदू एकता का संदेश, स्वागत में उमड़े श्रद्धालु, व्यवस्था पर भी उठे सवाल

सनातन हिंदू एकता का संदेश लेकर निकले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रथयात्रा मंगलवार को दमोह जिला मुख्यालय पहुंची तो शहर का माहौल धार्मिक जयघोष और स्वागत के नारों से गूंज उठा। जगह-जगह फूलों की वर्षा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में विशाल धर्मसभा आयोजित हुई। हालांकि, आस्था के इस सैलाब के बीच भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। शास्त्री के करीब पहुंचकर दर्शन और आशीर्वाद लेने की होड़ ने आयोजन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सनातन समाज को एकजुट रहने, जातिगत भेदभाव समाप्त करने और सामाजिक समरसता बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने सात संकल्पों के माध्यम से बच्चों और श्रद्धालुओं को सनातन धर्म, हिंदू एकता तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्ध रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने छतों पर खड़े लोगों से सवाल किया कि यदि कल किसी हिंदू पर संकट आए तो क्या वे घर से बाहर निकलकर उसकी मदद करेंगे? उन्होंने कहा कि संकट के समय साथ न देने वाले लोग बुजदिली दिखाते हैं। साथ ही स्पष्ट किया कि रथयात्रा का उद्देश्य राजनीति करना या किसी को वोट दिलाना नहीं है।

दमोह पहुंचने से पहले यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। स्वागत के लिए स्कूली छात्राएं कलश लेकर खड़ी रहीं, वहीं ग्रामीणों ने फूलों से रंगोली सजाई। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का अभिनंदन किया। यात्रा में अयोध्या की हनुमानगढ़ी के राजू दास महाराज, मलूकपीठ के गंगा दास महाराज, हरिद्वार के मोनी महाराज और चित्रकूट धाम के राधेश्याम महाराज सहित कई संत मौजूद रहे।

दमोह प्रवास के दौरान गौरीशंकर भगवान के दर्शन, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और राष्ट्रगान के बाद यात्रा हटा की ओर रवाना हुई। श्रद्धालुओं के बीच ‘जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’ जैसे नारे गूंजते रहे।

गौरतलब है कि रथयात्रा रविवार को बागेश्वर धाम से शुरू हुई थी। पांच दिवसीय इस यात्रा में करीब 500 किलोमीटर का सफर तय कर पांच जिलों से गुजरने का कार्यक्रम है। आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य सनातन एकता, सामाजिक समरसता, नशामुक्ति और लव जिहाद से मुक्त बुंदेलखंड का संदेश देना है। दमोह में उमड़ी भीड़ ने यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह तो दिखाया, लेकिन विशाल धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की चुनौती भी सामने रख दी।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

traffic tail