बुजुर्ग को लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा, वीडियो वायरल; पुलिस ने आरोपियों पर दर्ज की FIR
घर के सामने डीजे बॉक्स बजाने से मना करने पर हुआ था विवाद, सब्जी काटने वाला चाकू लेकर बाहर आया था बुजुर्ग; सिटी कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच
दमोह शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरिया वार्ड नंबर-4 के बड़ापुरा इलाके से एक बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक बुजुर्ग को लात-घूंसों और बेल्ट से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,
बुजुर्ग के घर के सामने कुछ युवकों द्वारा डीजे के बॉक्स रखकर तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे। बुजुर्ग ने युवकों से अपने घर के सामने बॉक्स रखकर गाने नहीं बजाने की बात कही। इसी बात को लेकर बुजुर्ग और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर बुजुर्ग अपने घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर बाहर आ गया। बुजुर्ग के हाथ में चाकू देखकर युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह कुछ लोग बुजुर्ग के साथ लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट कर रहे हैं। घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मारपीट के बाद युवक बुजुर्ग को लेकर सिटी कोतवाली थाने पहुंच गए और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही।
हालांकि, पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने और मामले की सच्चाई सामने आने के बाद बुजुर्ग के साथ मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टीआई ने दी मामले की जानकारी
इसी संबंध में जब सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार से बातचीत की गई, तो उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वायरल वीडियो के आधार पर घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।










