युवा कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष का पुतला फूंका, चौघानपाटा में किया प्रदर्शन

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राहुल गांधी पर कथित टिप्पणी को लेकर जताया विरोध, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा- राजनीतिक मर्यादा का पालन जरूरी

अल्मोड़ा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अल्मोड़ा के चौघानपाटा में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा सरकार का पुतला फूंका।

दोपहर करीब 12:30 बजे बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता चौघानपाटा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच मतभेद और विरोध लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी नेता के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं को राजनीतिक मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में कार्यकर्ता अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं के साथ-साथ किसानों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा राजनीतिक बयानबाजी के जरिए जनता का ध्यान दूसरी ओर ले जाने का प्रयास कर रही है।

युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव एवं युवा नेता गोपाल भट्ट ने कहा कि युवा अब अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक है। उन्होंने कहा कि युवा किसी बहकावे में आने वाला नहीं है और लोकतांत्रिक तरीके से अपने मुद्दों को उठाता रहेगा।

गोपाल भट्ट ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के विचारों और संविधान की रक्षा की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए युवा कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, प्रदेश सचिव प्रदीप बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष रोहित पंत, इसरार अहमद और संतोष कुमार, जिला महासचिव विशाल पड़ियार और चांदनी आर्या, जिला सचिव तनुजा आर्या, मयंक धामी, अमन लटवाल और राहुल फर्त्याल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान पंकज पंत, प्रकाश जोशी, मयंक गोरखा, कार्तिक बिष्ट, कमल बिष्ट, दिवांशी आर्य और सानिया आर्य समेत अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

traffic tail