दमोह, परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य गुरूवर श्री विद्यासागर जी महाराज को उनकी समाधि के उपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मांग उठी है। भारतीय जनता पार्टी दमोह के जिला उपाध्यक्ष अमित बजाज ने इस संबंध में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर केंद्र सरकार के समक्ष अनुशंसा करने का अनुरोध किया है।
भेजे गए पत्र में अमित बजाज ने उल्लेख किया है कि आचार्य श्री का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, संयम, करुणा, अहिंसा एवं मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहा। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व केवल जैन समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारतीय समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
पत्र में कहा गया है कि आचार्य श्री ने अपने आध्यात्मिक चिंतन, राष्ट्रहित की भावना तथा जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज को नैतिकता, स्वदेशी, भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों का संदेश दिया। शिक्षा, चिकित्सा, जीवदया, गौसेवा और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के प्रति उनकी प्रेरणा ने असंख्य लोगों के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान की।

बजाज ने पत्र में लिखा है कि आचार्य श्री का जीवन भारतीय संत परंपरा की गौरवशाली विरासत का प्रतीक रहा है। उन्होंने अपने आचरण और उपदेशों से समाज में सद्भाव, आत्मसंयम, शाकाहार, अहिंसा और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को सुदृढ़ किया। उनका योगदान किसी एक संप्रदाय तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए अनुकरणीय है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से विनम्र अनुरोध किया है कि आचार्य श्री के अतुलनीय आध्यात्मिक, सामाजिक एवं राष्ट्रहितकारी योगदान को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें उनकी समाधि के उपरांत ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मांग को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि यह प्रयास आचार्य श्री के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगा तथा देशभर के श्रद्धालुओं और उनके विचारों से प्रेरणा लेने वाले करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान करेगा।










