तीन बच्चों को लेकर कुएं में कूदी मां, मां समेत दो मासूमों की मौत

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमुनिया गांव की हृदयविदारक घटना, पांच वर्षीय बच्ची बची; मृतका की मां ने दामाद पर लगाए मारपीट के आरोप

सुबह की पहली किरण निकलने से पहले ही एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। तीन मासूम बच्चों को लेकर घर से निकली 28 वर्षीय मां ने कथित तौर पर पहले बच्चों को कुएं में धकेला और फिर खुद भी उसमें कूद गई। ग्रामीणों ने चारों को कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन मां और उसके दो बच्चों की जान नहीं बच सकी। पांच वर्षीय बच्ची को बचा लिया गया। दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव में मंगलवार सुबह हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

मृतका की पहचान मंजू, पति नेतराम उर्फ निजाम सिंह गौण, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। हादसे में उसकी चार वर्षीय बेटी अन्नू और तीन वर्षीय बेटे अनुज की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बेटी आरुषि की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब चार बजे मंजू अपने तीनों बच्चों के साथ घर से निकली और कुछ दूरी पर स्थित कुएं में पहुंच गई। करीब आधे घंटे बाद प्रभात फेरी के लिए वहां से गुजर रहे लोगों ने बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनी। ग्रामीण कुएं के पास पहुंचे तो महिला और तीनों बच्चे पानी में डूबे हुए थे। तत्काल ग्रामीणों और परिजनों ने बचाव कार्य शुरू किया और चारों को बाहर निकालकर पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने मंजू और उसके दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

घटना में बची पांच वर्षीय आरुषि ने बताया कि मां ने तीनों बच्चों को एक साथ कुएं में धक्का दिया था और इसके बाद खुद भी कूद गई। हालांकि, इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मंजू की मां उमा रानी ने अपने दामाद नेतराम पर शराब पीकर बेटी के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पहली नातिन के जन्म के समय मंजू मायके में रह रही थी। करीब एक साल बाद दामाद उसे अपने साथ ले गया और शराब नहीं पीने तथा मारपीट नहीं करने का भरोसा दिया था। उमा रानी ने यह आरोप भी लगाया कि बेटी और नातियों की मौत के बाद ससुराल पक्ष ने उन्हें सूचना नहीं दी। उन्हें दूसरे गांव के एक व्यक्ति से घटना की जानकारी मिली। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

वहीं, मृतका के पति और सास अनूप रानी ने घटना के कारण की जानकारी होने से इनकार किया है। पति का कहना है कि उनके बीच कोई विवाद नहीं था। ऐसे में मंजू ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, यह सवाल अब भी अनुत्तरित है।

पथरिया थाना प्रभारी महेंद्र जगेत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों और मृतका की मां द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अब जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

traffic tail