जन्म की परिस्थितियां हमारे हाथ में नहीं थीं, लेकिन मरण को सुधारने का पुरुषार्थ हमारे हाथ में है” : निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

प्रतिमा व्रत विज्ञान एवं समाधि-साधना शिविर का हुआ शुभारंभ, सम्यक दर्शन, संयम और समाधि को बताया जीवन की साधना का महत्वपूर्ण सूत्र 

 

कुंडलपुर(दमोह)। प्रतिमा व्रत विज्ञान एवं समाधि-साधना शिविर के शुभारंभ अवसर पर निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज ने कहा कि मनुष्य का जन्म किन परिस्थितियों में हुआ, यह उसके हाथ में नहीं था, लेकिन अपने मरण की परिस्थितियों को सुधारने का पुरुषार्थ उसके हाथ में है। जन्म की परिस्थितियां पूर्वकर्मों के अनुसार बनती हैं, लेकिन वर्तमान जीवन में अपनी चेतना, ज्ञान और शुभ परिणामों के माध्यम से मरण को मंगलमय बनाने का प्रयास किया जा सकता है। इसलिए मृत्यु से भयभीत होने के बजाय उसके प्रति जागरूक होकर जीवन में संयम, साधना और समता के भाव विकसित करने चाहिए। राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं क्षेत्रीय प्रचार मंत्री जय कुमार जैन ‘जलज’ ने बताया कि श्री दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र कुण्डलगिरि, कुण्डलपुर में 12 से 15 नवंबर तक आयोजित चार दिवसीय शिविर में देश के विभिन्न क्षेत्रों से व्रती, साधक और धर्मप्रेमी शामिल हुए हैं। शिविर में निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर महाराज एवं मुनि श्री 108 पवित्रसागर महाराज ससंघ का पावन सानिध्य प्राप्त हो रहा है। मुनिश्री ने कहा कि संसार का प्रत्येक जीव सुख और शांति चाहता है। उसके भीतर दुख से बचने और सुख पाने की स्वाभाविक आकांक्षा रहती है,लेकिन अज्ञानता,अहंकार और कषायों के कारण वह सुख की सही परिभाषा नहीं समझ पाता। “आचार्य श्री ने कहा है कि दुख से भीति और आत्मा से प्रीति यदि नहीं हो पा रही है तो वास्तविक सुख की प्राप्ति संभव नहीं है” अज्ञान से बचकर सद्ज्ञान प्राप्त करना, कषाय परिणामों से दूर रहकर परिणति को निर्मल बनाना और असंयम छोड़कर संयम से जुड़ना ही परमार्थ का मार्ग है। जीव के भीतर भव्यत्व का भाव जागृत होने और रत्नत्रय की शक्ति प्रकट होने पर ही वास्तविक आध्यात्मिक परिवर्तन आता है। शिविर का मूल उद्देश्य सम्यक दर्शन को विशुद्ध से विशुद्धतर बनाना, जीवन को निरतिचार और निर्मल करना तथा संयम की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना है। सम्यक दर्शन की व्यापकता समझाते हुए मुनिश्री ने कहा कि यह केवल ग्रंथों के अध्ययन, मंदिरों में पूजा-पाठ, स्वाध्याय और सामायिक तक सीमित नहीं है। सम्यक दर्शन आत्मा के स्वरूप को पहचानने और भेदविज्ञान का अनुभव करने के साथ प्रत्येक प्राणी की पीड़ा से जुड़ने का भी नाम है। जब सम्यक दर्शन सक्रिय होता है तो व्यक्ति अंतर्मुखी साधना के साथ बहिर्मुखी होकर दूसरों के दुख-दर्द को भी अनुभव करता है। उसके भीतर करुणा, प्रसन्नता, संवेग, अनुकंपा और आस्तिक्य जैसे गुण प्रकट होते हैं। ऐसा सम्यक दर्शन विचारों तक सीमित न रहकर जीवन को प्रभावित करने वाली सक्रिय शक्ति बन जाता है। संयम को पारिवारिक और सामाजिक जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि व्यवहार की भाषा में संयम को ही मर्यादा कहते हैं। मर्यादा के बिना न परिवार चल सकता है और न समाज। जैन धर्म में कुलाचार, सदाचार, श्रावकाचार, अणुव्रत, देशव्रत और महाव्रत के माध्यम से संयम का विस्तृत स्वरूप बताया गया है। संयम परमार्थ के साथ स्वास्थ्य और व्यवस्थित जीवन के लिए भी आवश्यक है। समाधि संलेखना को जीवन का महत्वपूर्ण प्रयोजन बताते हुए मुनिश्री ने कहा कि जन्म घर में होना सौभाग्य है, लेकिन जीवन का अंतिम समय धार्मिक वातावरण, त्यागी-व्रतियों के सानिध्य और आत्मसाधना के बीच व्यतीत होना परम सौभाग्य है। वृद्धावस्था में गृहस्थ जीवन की जिम्मेदारियों के साथ संयम और व्रत अपनाकर साधक आश्रम में रहकर धर्मध्यान कर सकते हैं। गुरुजनों के निर्देशन में णमोकार मंत्र सुनते हुए समता भाव से समाधि मरण की साधना जीवन की श्रेष्ठ उपलब्धि है। अंतिम समय में कषाय जागृत न हों, मानसिक संक्लेश न रहे, व्याधियों की तीव्रता कम हो तथा आत्मा में शांति और समता बनी रहे, यही सच्ची साधना है। मुनिश्री ने कहा कि यह शिविर केवल वृद्धजनों के लिए नहीं, बल्कि युवाओं, गृहस्थों, व्रतियों और व्रत धारण करने के इच्छुक सभी लोगों के लिए है। सत्तर-अस्सी वर्ष की आयु में भी उत्साह और प्रसन्नता के साथ संलेखना की तैयारी की जा सकती है। नौकरी, खेती, व्यापार और पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले लोग भी अपनी परिस्थितियों के अनुसार व्रतों का पालन कर सकते हैं। सतना से इस विशेष साधना परंपरा के शुभारंभ का उद्देश्य संलेखना और समाधि साधना के अनुभवी मार्गदर्शन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। सतना, दमोह, विदिशा, बंडा, भोपाल और सिवनी सहित विभिन्न क्षेत्रों के परिवारों द्वारा वृद्धावस्था और बीमारी में अपने परिजनों की संलेखना के प्रति दिखाई गई श्रद्धा और समर्पण को उन्होंने प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि गृहस्थों में व्रत धारण करने, व्रतियों की सेवा करने और संलेखना का महत्व समझने की भावना बढ़ना आचार्य श्री के संस्कारों का परिणाम और जिनशासन की प्रभावना का महत्वपूर्ण संकेत है। शिविर की दिनचर्या में प्रातःकालीन प्रतिक्रमण, सामायिक,अभिषेक-पूजन एवं मुनिश्री के प्रवचन, दोपहर में विद्वानों की विशेष कक्षाएं तथा शाम को प्रतिक्रमण, आचार्य भक्ति और समता समाधान विशेष सत्र के अंतर्गत समता (शंका )समाधान आयोजित किया जा रहा है। रात्रि में सिद्धार्थ जी सतना के द्वारा समाधि-साधना पर विशेष उद्बोधन की व्यवस्था है। मुनिश्री ने सभी शिविरार्थियों को मंगल आशीर्वाद देते हुए कहा कि कुण्डलपुर की पावन भूमि पर पहुंचने वाला प्रत्येक श्रद्धालु शिविरार्थी है, पंजीयन हुआ हो या नहीं, सभी इस साधना का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने सभी से अनुशासन, समयबद्धता और उत्साह के साथ शिविर में सहभागी बनने का आह्वान किया। मुनिश्री ने कहा कि सम्यक दर्शन से संवेदना, संयम से मर्यादा और समाधि से जीवन के अंतिम क्षणों में आत्मिक शांति प्राप्त करना ही इस शिविर की वास्तविक सार्थकता है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

traffic tail